हरिद्वार। ऋषिकुल मैदान में सोमवार को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सतपाल महाराज को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सक्रिय जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सतपाल महाराज का जीवन आध्यात्मिक चेतना, समाजसेवा, परोपकार और लोककल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जन्मदिवस समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी महाराज के प्रति जनमानस के प्रेम, श्रद्धा और सम्मान को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने उनके सरल, सहज व्यवहार, समर्पण और दूरदर्शिता की भी सराहना की।
कुंभ को दिव्य-भव्य बनाने में जुटी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी वर्ष हरिद्वार में होने वाला कुंभ आस्था के महासंगम के साथ भारत की आध्यात्मिक शक्ति, सनातन परंपरा और सामाजिक समरसता का विराट उत्सव होगा। सरकार कुंभ को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ तैयारियों में जुटी है। प्रयास है कि देश-दुनिया से हरिद्वार पहुंचने वाला प्रत्येक श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और सुखद अनुभव लेकर लौटे।
सांस्कृतिक पहचान की रक्षा सरकार की प्राथमिकता
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन विकास के प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव उत्तराखंड में भी दिखाई दे रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के पुनर्निर्माण, चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने तथा केदारखंड और मानसखंड परियोजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और पहचान की रक्षा के लिए सरकार का संकल्प स्पष्ट है। समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून जैसे निर्णय इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा कानून सभी के लिए समान रूप से लागू होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश धार्मिक, आध्यात्मिक और साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और संत समाज के मार्गदर्शन से उत्तराखंड को विश्व की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, अन्य जनप्रतिनिधि, संतगण, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सतपाल महाराज के जन्मदिवस समारोह में पहुंचे सीएम धामी,
0
