इंस्टाग्राम पेज बंद कराए जाने का भी लगाया आरोप, एसएसपी से शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर न्यायालय जाने की चेतावनी
देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण में आर्थिक सहायता को लेकर भाजपा विधायक दिलीप रावत के कथित बयान पर आम आदमी पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। आप युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर ने विधायक के बयान को पीड़ित परिवार के प्रति असंवेदनशील बताते हुए भाजपा नेतृत्व पर निशाना साधा।
हिमांशु पुंडीर ने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में अंकिता भंडारी के परिवार को दी गई आर्थिक सहायता वापस लेना चाहती है तो पार्टी उन्हें उस पूरी धनराशि का विवरण सौंप दे। आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की जनता के बीच जाकर एक-एक रुपया एकत्र करेगी और पूरी राशि भाजपा प्रदेश कार्यालय में वापस लौटा देगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को विधायक दिलीप रावत को पार्टी की वास्तविक मानसिकता उजागर करने के लिए सम्मानित करना चाहिए।
पुंडीर ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान से पीड़ित परिवार के प्रति भाजपा की सोच उजागर होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में न्याय व्यवस्था और सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनता के सामने ऐसे मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।
इंस्टाग्राम पेज बंद कराने का लगाया आरोप
आप युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज को बंद कराए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बाद उनका इंस्टाग्राम पेज ‘himanshu4uk’ बंद हो गया। इस पेज पर 10 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे और उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी पोस्ट पर लाखों व्यूज आते थे।
पुंडीर के अनुसार, इस मामले में एसएसपी देहरादून सहित संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि उनका सोशल मीडिया मंच जल्द बहाल नहीं हुआ तो वे नागरिकों के अभिव्यक्ति के अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। साथ ही प्रदेशभर में डिजिटल नागरिकता और सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर बहस आयोजित करने की बात कही।
अंकिता भंडारी के परिवार से आर्थिक सहायता वापस मांगने के बयान पर भड़के आप नेता हिमांशु पुंडीर
भाजपा विधायक दिलीप रावत के बयान पर जताया कड़ा विरोध, बोले- सहायता राशि वापस चाहिए तो सूची सौंपे भाजपा, जनता से चंदा जुटाकर लौटा देंगे
2
