देहरादून। राजधानी देहरादून में गौकशी और गौतस्करी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार देर रात ठाकुरपुर रोड स्थित टी स्टेट के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गौकशी की घटनाओं में संलिप्त एक शातिर आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, देर रात चेकिंग के दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम को पिस्तौल दिखाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इस दौरान दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी स्टेट क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान इरशाद पुत्र मोहम्मद जमशेद (32 वर्ष), निवासी ग्राम खजुनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, फरार आरोपी की पहचान शमीम पुत्र अज्ञात, निवासी ग्राम गंदेबड़ा, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। उसकी तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है।
पुलिस के मुताबिक, घायल इरशाद ने इसी माह प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टी स्टेट और बिधौली रोड पर गौकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल संख्या UK-17-J-0297, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी बरामद की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी के संबंध में जानकारी ली। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
दून पुलिस की गौतस्करों पर बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में शातिर गौकश इरशाद घायल
टी स्टेट में पुलिस टीम पर बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
1
