देहरादून। देहरादून पुलिस ने फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर चार कंपनियों में निदेशक पद से एक महिला को हटाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू और उसके भतीजे सतेंद्र राठौर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को वादिनी रेखा आर्य ने कोतवाली कैंट में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू ने विवाह के बाद भी उनके साथ मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग और धमकी देने जैसी घटनाएं कीं। साथ ही फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें विभिन्न कंपनियों के निदेशक पद से हटाने की साजिश रची गई।
शिकायत के आधार पर कोतवाली कैंट में मुकदमा अपराध संख्या 158/26 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने एसपी ग्रामीण के पर्यवेक्षण में नौ सदस्यीय एसआईटी गठित की। एसआईटी ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और गवाहों के बयान जुटाए। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू ने अपने भतीजे सतेंद्र राठौर के साथ मिलकर कथित रूप से वादिनी के फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उन्हें चार कंपनियों से निदेशक पद से हटाने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, संबंधित कंपनियों में देवों के देव महादेव, बनखंडी रुद्राक्ष धाम, श्री अंबे ऑटो चार्जिंग प्रोजेक्ट लिमिटेड तथा श्री बनखंडी धाम डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। आरोप है कि वादिनी को निदेशक पद से हटाकर सतेंद्र राठौर को निदेशक बनाने की योजना बनाई गई थी।
जांच में मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू के विरुद्ध उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा तथा गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 44 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।
पुलिस ने 6 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू को झांसी (उत्तर प्रदेश) से तथा उसके भतीजे सतेंद्र राठौर को बरेली के जोगी नवादा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से एसआईटी गहन पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
गिरधारी लाल साहू पुत्र रामस्वरूप, निवासी बनखंडी नाथ मंदिर, बरेली, उम्र 61 वर्ष।
सतेंद्र राठौर पुत्र हरिशरण, निवासी जोगी नवादा, बरेली, उम्र 40 वर्ष।
पुलिस का कहना है कि मामले में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेजों से चार कंपनियों पर कब्जे का आरोप, बरेली से चाचा-भतीजा गिरफ्तार
एसएसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने किया खुलासा, महिला को कंपनी के निदेशक पद से हटाने के लिए रची गई थी साजिश
14
