रुद्रपुर(आरएनएस)। नीट पेपर लीक प्रकरण के विरोध में गुरुवार को रुद्रपुर के डीडी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और परीक्षा एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि वर्ष 2024 में पेपर लीक की घटनाओं के बाद परीक्षा प्रणाली को अचूक बनाने का केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का दावा महज दो वर्षों में ही खोखला साबित हो गया है। उन्होंने कहा कि 2024 में नीट यूजी पेपर लीक होने के बाद भारत सरकार की उच्च स्तरीय समिति ने परीक्षा को कंप्यूटर आधारित करने की सिफारिश की थी।
एनटीए ने पांच बार पत्रावली स्वास्थ्य विभाग को भेजी, लेकिन आपसी समन्वय के अभाव में यह योजना लागू नहीं हो सकी। कहा कि तीन मई को आयोजित नीट यूजी-2026 में 22 लाख 79 हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था, जिनमें भारी निराशा और आक्रोश है। कई अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई और कोचिंग के लिए कर्ज लिया, गहने बेचे और संपत्तियां गिरवी रखीं। उन्होंने आरोप लगाया कि चार राज्यों में फैले एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पेपर लीक किया गया, जिसमें करीब 400 लोग जुड़े हुए थे। मांग की कि पेपर लीक में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग की।प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। लाखों छात्र-छात्राएं कठिन मेहनत कर अपने भविष्य के सपने देखते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हालदार, गोपाल भसीन, रामस्वरूप भारती, संजय ठुकराल, बाबू खान, परवेज कुरेशी, आनंद शर्मा, डिंपी चोपड़ा, संजीव गुप्ता, इंद्रजीत सिंह, असित बाला, कुंवर पाल कोली, ललित बिष्ट, दीपक सागर, मोहन कुमार, प्रीति साना, उमा सरकार, हरप्रीत सिंह विर्क, आकाश भुसरी, दानवीर कोली, राकेश कोली, बबलू कोली, प्रकाश दास, देवेंद्र कुमार, गगन ग्रोवर, संजीव नदी, रवि विश्वास और मोहन कुमार आदि मौजूद रहे।
नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
3
