एएलएनए/अलना
चकराता। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को छावनी क्षेत्र चकराता में श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। गुरुद्वारों में शबद-कीर्तन, सहज पाठ के भोग और गुरु के अटूट लंगर का आयोजन किया गया।
नगर कीर्तन का शुभारंभ दोपहर दो बजे गुरुद्वारा सिंह सभा एमईएस लाइन में अरदास के बाद हुआ। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को फूलों से सजी भव्य पालकी में सुशोभित किया गया। पंच प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में श्रद्धालु गुरुवाणी का गायन करते हुए आगे बढ़े। रागी जत्थों और बैंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत शबदों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। नगर कीर्तन बस स्टैंड, कैलाना, वीर केसरी मार्केट, शहीद चौक और सदर बाजार से होते हुए गुरुद्वारा पाराचिनार चौक बाजार पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह प्रसाद और जलपान के स्टॉल लगाकर संगत का स्वागत किया। पारंपरिक जौनसारी रणसिंघा और ढोल की गूंज ने धार्मिक आयोजन में स्थानीय संस्कृति के रंग भी भर दिए। नगर कीर्तन का प्रमुख आकर्षण देहरादून के करनपुर से पहुंची बाबा दीप सिंह रणजीत अखाड़ा गतका पार्टी रही। अखाड़े के कलाकारों ने सिख युद्धकला गतका के हैरतअंगेज करतब दिखाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों के साहस और कौशल की उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की। इससे पूर्व गुरुद्वारे में सहज पाठ का भोग डाला गया। कीर्तन दरबार में महिला और पुरुष रागी जत्थों ने गुरु महिमा से जुड़े शबदों का गायन कर संगत को निहाल किया। इसके बाद आयोजित गुरु के अटूट लंगर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रधान हरजिंदर पाल सिंह, गुरुद्वारा पाराचिनार के प्रधान दिनेश चांदना सहित गुरुचरण सिंह, रविंद्र पाल सिंह, दलजीत नागपाल, प्रभजोत सिंह, अनिल चांदना, जागृत चड्ढा, राहुल चांदना, राजू जायसवाल, राजेश्वर वर्मा, प्रीतम सहगल, सन्नी आनंद, अंकित मोहल, मनीष कुकरेजा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं, गुरुद्वारा एमईएस लाइन में निष्काम सेवा के लिए छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी विशाल महार, मेजर सिमरजोत सिंह, सूबेदार अर्जुन सिंह, सेना के पंडित सूबेदार मेजर मोहन नाथ तिवारी और मनीष कुकरेजा को गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से सिरोपा भेंटकर सम्मानित किया गया।
चकराता में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व
भव्य नगर कीर्तन में उमड़ा संगत का सैलाब, गतका पार्टी के हैरतअंगेज करतबों ने मोहा मन
3
