बिन्दुखत्ता (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति के लिए अमूल्य धरोहर बताया। मुख्यमंत्री ने बिन्दुखत्ता में एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया तथा स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्व. मेहरा के परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद सिंह मेहरा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ का जनजीवन, सामाजिक सरोकार, मातृशक्ति का संघर्ष और युवाओं की भावनाएं दिखाई देती हैं।
उन्होंने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से स्व. मेहरा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति उनका गहरा लगाव झलकता है। किसी कलाकार की असली पहचान उसकी कला होती है, जो उसके जाने के बाद भी पीढ़ियों को प्रेरित करती रहती है।
मुख्यमंत्री ने स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय और स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि लोकथात जैसे सांस्कृतिक आयोजन लोकभाषा, लोकगीत, लोकसंगीत और पारंपरिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उत्तराखण्ड की पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता से नहीं, बल्कि यहां की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं से भी है। इनका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। केदारनाथ-बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के साथ मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सख्त भू-कानून को महत्वपूर्ण कदम बताया।
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि शेरनाला पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया गया है। विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू किया गया है। सूर्यानाला और लालकुआं रेलवे क्रॉसिंग पर भी पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बिन्दुखत्ता में विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत व्यवस्था विकसित की जा रही है। लालकुआं क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। वन क्षेत्रों से सटे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ भी लगाई जा रही है।
बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की प्रक्रिया पर भी चर्चा
बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है। राज्य सरकार इस दिशा में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। उन्होंने वनाधिकार समिति के प्रतिनिधियों से भी इस विषय पर चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानू को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लोक कलाकार और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
लोकसंस्कृति के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : मुख्यमंत्री धामी
बिन्दुखत्ता में लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव का समापन, स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि; एक हजार लोगों की क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार की घोषणा
0
