अनुराग गुप्ता
देहरादून। राजधानी देहरादून में अवैध प्लॉटिंग का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। शिमला बाईपास स्थित श्रीराम स्कूल के सामने खुलेआम जमीन को छोटे-छोटे भूखंडों में बांटकर प्लॉटिंग किए जाने का मामला सामने आया है। मौके की तस्वीरें बयां कर रही हैं कि खाली जमीन पर ईंटों से प्लॉटों की सीमाएं तैयार की जा रही हैं। सवाल यह है कि आखिर किसकी अनुमति से जमीन पर इस तरह भूखंड विकसित किए जा रहे हैं?
स्थानीय स्तर पर सामने आए इस मामले ने मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि संबंधित भूमि पर बिना स्वीकृत मानचित्र और जरूरी अनुमतियों के प्लॉटिंग की जा रही है तो यह नियमों की खुली अनदेखी है।
