श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में आयोजित बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
मेले में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसकर स्थानीय संस्कृति से भी जुड़ाव प्रदर्शित किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर बसा श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला हमारी धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि शहर में उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित की जाएगी। श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन को भी स्वीकृति दी जाएगी। इसके साथ ही विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द ही हेली सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर क्षेत्र में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है, जबकि लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर लगभग 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।
उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बेस अस्पताल श्रीनगर में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सरकार भ्रष्टाचार और नकल माफिया के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम चल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण तथा शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर श्रीनगर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का भव्य शुभारंभ, धामी ने की विकास की कई बड़ी घोषणाएं
श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा, श्रीनगर में बनेगी साइंस सिटी; पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के समीप बनेंगे आधुनिक घाट
3
