हरिद्वार, 24 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के विचार और आदर्श आज भी सामाजिक समानता, भाईचारे और समरसता की मजबूत आधारशिला हैं। उनकी शिक्षाओं को आत्मसात कर प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और समानता के संकल्प को धरातल पर उतारने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज में संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संत रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है। इसका उद्देश्य जाति, पंथ और वर्ग से ऊपर उठकर सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए।
धामी ने कहा कि अनुसूचित जाति उपयोजना एवं जनजातीय उपयोजना के अंतर्गत पिछले छह वित्तीय वर्षों में लगभग 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इनसे अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। वहीं, पिछले तीन वित्तीय वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए भी प्रति बेटी 50 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति बहुल गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने और देहरादून, अल्मोड़ा व नैनीताल में छात्रावास निर्माण के कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा और सम्मानजनक रोजगार सुनिश्चित करने के लिए नमस्ते योजना संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से असुरक्षित सीवर एवं सेप्टिक टैंक सफाई के कार्यों से मुक्ति दिलाने के साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने समरसता संकल्प यात्रा को सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे की भावना मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताते हुए कहा कि संत रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलकर ही एक समरस और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधनंद गिरि महाराज, महंत अरुणदास महाराज, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
संत रविदास के विचारों से सामाजिक समरसता और समानता का संकल्प साकार कर रही सरकार: धामी
हरिद्वार में 650वीं जयंती वर्ष पर समरसता संकल्प यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, बोले—समाज में समानता व्यवहार में भी दिखनी चाहिए
3
