पौड़ी/देहरादून, 17 नवंबर। प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के थलीसैंण विकासखंड का भ्रमण कर क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कपरोली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के 2.89 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भवन का लोकार्पण किया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों में कक्षा-कक्षों का उद्घाटन, स्वच्छता वाहनों को रवाना करने और विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज कपरोली में 289.54 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर मल्ली और राजकीय प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर में 12-12 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का भी लोकार्पण किया।
नगर पंचायत कैन्यूर में घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं नगर पंचायत थलीसैंण में 47.56 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रजत जयंती पार्क का शिलान्यास किया। इसके अलावा कैन्यूर और थलीसैंण में 1.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कूड़ा निस्तारण प्रसंस्करण संयंत्रों की आधारशिला भी रखी।
इस दौरान प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 100 पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रावत ने नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत स्थानीय लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है।
वहीं ग्रामसभा मुसेटी और कपरोली में महिला मंगल दलों को लोक संस्कृति एवं पारंपरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांस्कृतिक सामग्री वितरित की गई। डॉ. रावत ने कहा कि ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिला मंगल दलों को प्रोत्साहित करने से सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, महिला मंगल दलों की सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
थलीसैंण को करोड़ों की विकास योजनाओं की सौगात, शिक्षा मंत्री ने किया 2.89 करोड़ के भवन का लोकार्पण
कैन्यूर और थलीसैंण में स्वच्छता व विकास कार्यों का शिलान्यास, 100 परिवारों को मिले आवास स्वीकृति पत्र
17
