लिब्बरहेड़ी में कन्या महाविद्यालय और गंगनहर पर पुल बनाने की घोषणा, किसानों को गन्ना मूल्य बढ़ने का भी इंतजार
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार जनपद के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल के निर्माण की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इसके साथ ही नालों, सड़कों और तटबंधों के निर्माण से जुड़े कार्यों को भी स्वीकृति देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने नारसन खुर्द में नाले की सफाई एवं पक्के नाले का निर्माण, मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में सिलाखाला पर तटबंध तथा ग्राम ब्रह्मपुर जट में सड़क निर्माण की घोषणा की।
किसानों की मांगों पर भी मुख्यमंत्री ने अपनी बात रखी। ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर उन्होंने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा। वहीं गन्ना मूल्य बढ़ाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर वर्ष किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मंगलौर की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश जनता को क्षेत्र की ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार मंगलौर के समग्र विकास और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है तथा लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक परिवारों को आवास, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय और 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को भी स्वीकृति दी गई है।
किसानों के हितों की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के किसानों को तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दी जा चुकी है। किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त कृषि ऋण, निःशुल्क नहर सिंचाई और कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने और मातृशक्ति को सशक्त बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ सरकार आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं संयोजक करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मंगलौर के विकास को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने खोला घोषणाओं का पिटारा
0
