अनुराग गुप्ता
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की उन बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी, जो सरकारी सेवाओं में आने का सपना देख रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी जिम्मेदारी सीधे आमजन की भूमि, आजीविका तथा अधिकारों से जुड़ी होती है। ऐसे में अधिकारियों को नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसीलों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
धामी ने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को धैर्यपूर्वक सुनना और उसे निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी देना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को विशेष प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए नुकसान का सही आकलन कर प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन करने की नसीहत देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। बिना सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज काम का तत्परता से निस्तारण करना ही निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है। अधिकारियों को इसे अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक है।
कार्यक्रम में सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
