हरे-भरे पेड़ों की बलि चढ़ाकर निजी स्वार्थ साधने का आरोप, पर्यावरण संरक्षण के दावों पर उठे सवाल
विकासनगर। देहरादून और पछुवादून की पहचान कभी यहां की हरियाली, घने पेड़ों और ठंडी आबोहवा से हुआ करती थी। एक दौर ऐसा भी था जब देहरादून में गर्मियों के दौरान पंखे तक चलाने की जरूरत महसूस नहीं होती थी, लेकिन आज हालात तेजी से बदल रहे हैं। गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। कई क्षेत्रों में पंखे के बाद अब वातानुकूलित उपकरणों का इस्तेमाल भी आम होता जा रहा है। इसके बावजूद विकासनगर क्षेत्र में हरे-भरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी और आरी चलने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है।
सामने आई तस्वीर में पेड़ का विशाल ठूंठ दिखाई दे रहा है, जो क्षेत्र में हुए पेड़ कटान की तस्वीर बयां कर रहा है। सवाल यह है कि आखिर किसके स्वार्थ के लिए इन पेड़ों को जमीन पर गिराया जा रहा है? क्या पेड़ों की कटाई से पहले पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन किया जा रहा है? क्या संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली जा रही है?
पेड़ केवल लकड़ी का साधन नहीं हैं, बल्कि ये धरती के जलस्तर को बनाए रखने, वर्षा चक्र को संतुलित करने, तापमान नियंत्रित करने और स्वच्छ हवा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई का असर आने वाले समय में जल संकट, बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय असंतुलन के रूप में सामने आ सकता है।
विडंबना देखिए, एक तरफ पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ वर्षों पुराने हरे-भरे पेड़ों को काटकर समाप्त किया जा रहा है। सवाल सिर्फ एक पेड़ के कटने का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का है।
अब सवाल वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से है कि विकासनगर क्षेत्र में कितने पेड़ों का कटान हुआ है? कितने पेड़ों को काटने की अनुमति दी गई? कितने मामलों में बिना अनुमति पेड़ काटे गए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई?
अगर आज भी जिम्मेदार विभागों ने आंखें मूंदे रखीं तो आने वाले वर्षों में पछुवादून की हरियाली केवल तस्वीरों में दिखाई देगी। आखिर विकास की कीमत पेड़ों की बलि देकर ही क्यों चुकाई जा रही है?
विकासनगर में पेड़ों पर चल रही कुल्हाड़ी, हरियाली उजाड़कर किस विकास की तैयारी?
कभी देहरादून की पहचान थी ठंडी हवाएं, अब पेड़ों के कटान के साथ बढ़ रहा गर्मी का प्रकोप
1
