Hamarichoupal,11,07,2026
रानीखेत(आरएनएस)।द्वाराहाट विकासखंड के ऐना गांव में शुक्रवार रात हुए दिल दहला देने वाले सागर सिंह हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने गांव के ही युवक जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और चाकू बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब दो माह पहले एक शादी समारोह में स्कूटी पर आए स्क्रैच को लेकर हुए विवाद की रंजिश ने इस खौफनाक वारदात का रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार 19 वर्षीय सागर सिंह मेरठ में पढ़ाई करता था और सेना भर्ती की तैयारी के लिए अपनी बुआ जानकी देवी के घर ऐना आया हुआ था। शुक्रवार शाम आरोपी हथौड़ा और चाकू लेकर घर में घुसा और पहले सागर के सिर पर हथौड़े से वार किया। इसके बाद उसने चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर गला रेत दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं सागर की बुआ जानकी देवी और उनकी चचिया सास सबुली देवी पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में जानकी देवी के सिर और सबुली देवी के गले पर गंभीर चोटें आईं। सबुली देवी की हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और ग्रामीणों से पूछताछ की गई। मामले में आरोपी का नाम पता चलने के बाद पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के ने पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने जानाडु होटल के पास से आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दो माह पहले गांव में एक शादी के दौरान स्कूटी में खरोंच लगने को लेकर उसका मृतक सागर और कृष्णा सिंह से विवाद हुआ था। उसी दिन उसने दोनों को मारने की ठान ली थी। योजना के तहत वह वारदात वाले दिन हथौड़ा और चाकू खरीदकर घर पहुंचा और सागर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा और चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी, कांस्टेबल कमल गोस्वामी, कांस्टेबल वरुण राज टम्टा तथा होमगार्ड आनंद सिंह शामिल रहे।
