रुड़की/झबरेड़ा। झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह कथित प्रेम संबंध को लेकर दो लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी सगी बहन और उसके साथ मौजूद युवक पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई, जबकि युवती ने हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक ही वारदात में दो मौतों से गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे झबरेड़ी कलां गांव में अमन नामक युवक ने कथित तौर पर अपनी बहन रूपा और सूरज पुत्र अशोक को गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए झबरेड़ा अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने सूरज को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं रूपा की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी में वारदात के पीछे युवती के कथित प्रेम संबंध को वजह बताया जा रहा है। हालांकि घटना के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की भूमिका, फायरिंग के कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
बहन के प्रेम संबंध से नाराज भाई ने बहन और उसके प्रेमी को मारी गोली, दोनों की मौत
10
