थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए क्षेत्र को विकास की कई बड़ी सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने 52.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की महत्वपूर्ण घोषणा की। साथ ही धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण को स्वीकृति देने और जौनपुर क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं को मंजूरी देने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
धामी ने कहा कि टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटन क्षेत्र विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण के साथ कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकता है। कृषि, उद्यानिकी, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत की जा रही है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ब्रांड की बिक्री अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि सरकारी प्रयासों से प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
युवाओं के रोजगार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू करने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। सरकार कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। वहीं, गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद करने वाले ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को साहित्य एवं लोकभाषा के संरक्षण में योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया।
स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में विकास योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में कृषि, उद्यानिकी और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
जौनपुर महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी का बड़ा ऐलान, थत्यूड़ सीएचसी बनेगा उप जिला चिकित्सालय
52.55 करोड़ की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास, नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण और बाढ़ सुरक्षा योजनाओं को भी मंजूरी
2
