केदारनाथ/बदरीनाथ, 10 नवंबर। देवभूमि उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक एकात्मता का अनूठा संगम देखने को मिला। दीपोत्सव एवं भैयादूज के पावन अवसर पर बहुभाषी समाचार एजेंसी हिन्दुस्थान समाचार की पत्रिकाओं ‘नवोत्थान’ और ‘युगवार्ता’ के विशेषांकों का विमोचन किया गया। इसके साथ ही ‘उत्तर प्रदेश तीर्थाटन-पर्यटन’ पुस्तक का भी लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक-वैचारिक विरासत और उत्तराखंड की आध्यात्मिक परंपरा को एक साझा मंच पर प्रस्तुत किया गया।
केदारनाथ धाम में आयोजित विमोचन समारोह में ‘नवोत्थान’ के संस्कृति के साथ स्वावलंबन विशेषांक और ‘युगवार्ता’ के ‘योगी राज में अगुवा प्रदेश’ विशेषांक का विमोचन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता समाज को दिशा देने और जनजागरण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये प्रकाशन राष्ट्र, संस्कृति, समाज और जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी मंच प्रदान करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार के मुख्य समन्वयक एवं उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और झारखंड के क्षेत्रीय संपादक डॉ. राजेश तिवारी ने कहा कि भारतीय भाषाएं देश की सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना की असली संवाहक हैं। भाषा के माध्यम से समाज की स्मृतियां, परंपराएं, संघर्ष और उपलब्धियां अगली पीढ़ी तक पहुंचती हैं। भारतीय भाषाओं की पत्रकारिता को मजबूत करना देश की सांस्कृतिक विविधता और वैचारिक आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने जैसा है।
कार्यक्रम में बाबा केदारनाथ के पुजारी अरुण नौटियाल, भैरवनाथ के पुजारी अरविन्द शुक्ल, हिन्दुस्थान समाचार के उत्तराखंड ब्यूरो प्रमुख राजेश पांडेय और पत्रकार जितेंद्र पांडेय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने तीनों प्रकाशनों की विषयवस्तु, आकर्षक कलेवर और सुरुचिपूर्ण सज्जा की सराहना की।
‘योगी राज में अगुवा प्रदेश’ विशेषांक में दिखी उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा
‘युगवार्ता’ का विशेषांक उत्तर प्रदेश में नेतृत्व, विकास, सुशासन और बदलती पहचान के विभिन्न पहलुओं को सामने रखता है। इसमें प्रदेश की धार्मिक विरासत, आर्थिक गतिविधियों, आधारभूत ढांचे और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती भूमिका को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। वहीं ‘नवोत्थान’ का संस्कृति के साथ स्वावलंबन विशेषांक भारतीय परंपराओं, स्थानीय ज्ञान, कौशल और संसाधनों के प्रति विश्वास मजबूत करने के विचार पर केंद्रित है।
बदरीनाथ में मुख्यमंत्री योगी के कुलपुरोहित ने किया विमोचन
बदरीनाथ धाम में भैयादूज के अवसर पर विधायक भूपेश चौबे, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुलपुरोहित एवं जोशीमठ के प्रख्यात संत कमलेश कुकरेती तथा डॉ. राजेश तिवारी ने ‘नवोत्थान’ और ‘युगवार्ता’ पत्रिकाओं का विमोचन किया।
इस अवसर पर संत कमलेश कुकरेती ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण में साहित्य एवं पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ‘नवोत्थान’ के विशेषांक को भारतीय समाज की सांस्कृतिक जड़ों, परंपराओं और आत्मनिर्भरता के विचार को आगे बढ़ाने वाला प्रयास बताया।
कार्यक्रम में यह संदेश भी उभरकर सामने आया कि उत्तराखंड का गठन भले ही उत्तर प्रदेश से अलग होकर हुआ हो, लेकिन दोनों राज्यों के सांस्कृतिक, सामाजिक और भावनात्मक रिश्ते आज भी उतने ही मजबूत हैं। काशी से केदारनाथ और अयोध्या से बदरीनाथ तक फैली आस्था की परंपरा दोनों राज्यों की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। देवभूमि के दोनों प्रमुख धामों में इन प्रकाशनों का विमोचन इसी साझा विरासत और आपसी आत्मीयता को नई अभिव्यक्ति देने वाला आयोजन बना।
केदारनाथ-बदरीनाथ धाम में ‘नवोत्थान’ और ‘युगवार्ता’ का विमोचन, सांस्कृतिक एकता का दिया संदेश
उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और उत्तराखंड की आध्यात्मिक चेतना का हुआ संगम, ‘उत्तर प्रदेश तीर्थाटन-पर्यटन’ पुस्तक भी लोकार्पित
2
