देहरादून। डीआईटी विश्वविद्यालय, देहरादून ने प्रख्यात शिक्षाविद् एवं अनुभवी शैक्षणिक प्रशासक प्रोफेसर डॉ. गोपालकृष्ण प्रभु के. को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया है। उन्होंने 5 नवंबर 2026 को अपने पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके कुलपति बनने से विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान और नवाचार को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रो. डॉ. प्रभु को उच्च शिक्षा, शैक्षणिक प्रशासन, अनुसंधान और संस्थागत नेतृत्व का चार दशकों से अधिक का अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के निदेशक, मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन के रजिस्ट्रार एवं प्रो-वाइस चांसलर, मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर के अध्यक्ष, मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप के मुख्य शैक्षणिक अधिकारी तथा सिक्किम मणिपाल विश्वविद्यालय के कुलपति जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
शैक्षणिक क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ का अंदाजा उनकी उच्च योग्यताओं से लगाया जा सकता है। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में स्नातक, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग में एमटेक तथा आईआईटी मद्रास से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। एमटेक में उन्होंने मैंगलोर विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया था।
मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर के अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान क्षमता, आधारभूत ढांचे और संस्थागत विकास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय को नैक (NAAC) की प्रतिष्ठित ए-प्लस मान्यता प्राप्त हुई। इसके अलावा संकाय विकास, शैक्षणिक कार्यक्रमों और विद्यार्थियों की सहभागिता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार हुए।
एक शिक्षक और शोधकर्ता के रूप में भी डॉ. प्रभु की महत्वपूर्ण पहचान रही है। उन्होंने शोधार्थियों का मार्गदर्शन करने के साथ प्रतिष्ठित शैक्षणिक पत्रिकाओं में शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। उनकी उपलब्धियों के लिए उन्हें उडुपी जिला कन्नड़ राज्योत्सव पुरस्कार, राजस्थान के राज्यपाल द्वारा एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड तथा प्राइड ऑफ राजस्थान सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।
नए कुलपति का विशेष जोर विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा, बहुविषयक अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और उद्योग जगत के साथ शैक्षणिक संस्थानों की साझेदारी को मजबूत करने पर रहेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि उनके अनुभव और दूरदर्शी नेतृत्व से डीआईटी विश्वविद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर अपनी शैक्षणिक पहचान को और मजबूत करेगा।
डॉ. प्रभु की नियुक्ति को विश्वविद्यालय के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, शोध एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होने की उम्मीद है।
