देहरादून, 26 सितम्बर। उत्तराखंड में संपन्न जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) चुनावों में अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष पद पर मिली लटवाल निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं, जबकि भावना जोशी को उपाध्यक्ष चुना गया है। प्रदेश में पहली बार सभी 10 जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और निदेशक पदों पर निर्विरोध निर्वाचन के साथ बोर्ड का गठन हुआ है।
अल्मोड़ा डीसीबी में मिली लटवाल का निर्वाचन महिला आरक्षण के तहत हुआ है। सहकारिता चुनावों में पहली बार महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है, जिसके तहत प्रदेश के तीन जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसे सहकारिता क्षेत्र में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, हल्द्वानी के सामान्य निकाय के लिए अल्मोड़ा जनपद से नरेंद्र राम, विमला देवी, महेश चंद्र सिंह और ललित मोहन सिंह लटवाल का चयन किया गया है। वहीं, उत्तराखंड प्रादेशिक कोऑपरेटिव यूनियन के सामान्य निकाय के लिए पुष्पा भाकुनी और गणेश सिंह को प्रतिनिधि बनाया गया है।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी निर्वाचित अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, निदेशकों एवं प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी जिला सहकारी बैंकों में निर्विरोध निर्वाचन आपसी विश्वास, समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
डॉ. रावत ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता क्षेत्र में डिजिटलीकरण, महिला भागीदारी और संस्थाओं के सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा नए पदाधिकारी इन प्रयासों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
उल्लेखनीय है कि गढ़वाल मंडल के छह और कुमाऊं मंडल के चारों जिला सहकारी बैंकों में भी निर्विरोध बोर्ड का गठन हुआ है, जिससे प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अल्मोड़ा डीसीबी की कमान मिली लटवाल के हाथ, भावना जोशी बनीं उपाध्यक्ष
9
