अनुराग गुप्ता
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए करीब 17 वर्षों से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी शौकत अली को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2009 में देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर हुई हथियारबंद डकैती के मामले में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने और पहचान बदल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई 2009 को बसंत विहार निवासी ओएनजीसी के तत्कालीन महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा के घर में पांच हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की थी और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। मामले में थाना बसंत विहार में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार आरोपियों को 6 अगस्त 2009 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि पांचवां आरोपी शौकत अली फरार हो गया था।
लगातार फरार रहने पर पहले देहरादून पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड ने इनामी राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी। इसके बाद से पुलिस और एसटीएफ उसकी तलाश में जुटी थी।
ऑपरेशन प्रहार के तहत एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी सूचनाओं के साथ मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की तलाश तेज की। इसी दौरान सूचना मिली कि शौकत अली पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में पहचान छिपाकर रह रहा है और टाइल्स व पत्थर लगाने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने थाना भाटपाड़ा, जनपद उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मेरठ से फरार होने के बाद दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग ठिकानों पर रहकर गिरफ्तारी से बचता रहा। गिरफ्तार शौकत अली (54) मूल रूप से अहमदनगर, थाना देहली गेट, मेरठ, उत्तर प्रदेश का निवासी है।
हत्या, लूट और रंगदारी समेत 11 मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी बेहद लंबा है। उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मेरठ के थाना देहली गेट और हल्द्वानी कोतवाली में दर्ज मामले भी शामिल हैं।
करीब डेढ़ दशक से अधिक समय तक फरारी काट रहे एक लाख के इनामी अपराधी की गिरफ्तारी को उत्तराखंड पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
संयुक्त टीम में शामिल रहे: एसटीएफ की ओर से निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट सहित नौ पुलिसकर्मी तथा थाना बसंत विहार के थानाध्यक्ष अमित कुमार शर्मा और उपनिरीक्षक गंभीर सिंह शामिल रहे।
