हरिद्वार, 19 अगस्त 2026। ईद-ए-मिलाद-उल-नबी (बारावफात) के मद्देनजर हरिद्वार जिला प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पर्व के दौरान साम्प्रदायिक सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं।
ईद-ए-मिलाद-उल-नबी 26 अगस्त को चंद्र दर्शन के अनुसार मनाया जाएगा। पर्व के दौरान धार्मिक आयोजन, विशेष नमाज, रोशनी, आतिशबाजी, जुलूस और जलसे आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों को देखते हुए प्रशासन ने पुलिस और मजिस्ट्रेट स्तर पर व्यापक समन्वय के निर्देश दिए हैं।
नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार को नगर हरिद्वार, विशेष रूप से ज्वालापुर क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को रुड़की एवं लंढौरा, तहसीलदार रुड़की को मंगलौर, एसडीएम हरिद्वार को हरिद्वार क्षेत्र एवं कुन्हारी, तहसीलदार हरिद्वार को धनपुरा, एसडीएम लक्सर को लक्सर, सुल्तानपुर एवं खड़ंजा कुतुबपुर तथा तहसीलदार लक्सर को लक्सर कस्बे की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह एसडीएम भगवानपुर को भगवानपुर क्षेत्र तथा तहसीलदार भगवानपुर को डाडा जलालपुर एवं सरठेड़ी शाहजहांपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाधिकारी ने पुलिस प्रशासन को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा सभी संबंधित अधिकारियों को गृह मंत्रालय और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पर्व से पूर्व संबंधित धार्मिक पक्षों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को हरिद्वार एवं लक्सर तहसील तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को रुड़की एवं भगवानपुर तहसील में कानून एवं शांति व्यवस्था के लिए ओवरऑल इंचार्ज बनाया गया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को साम्प्रदायिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण को हर हाल में बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से भी ईद-ए-मिलाद-उल-नबी का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई है।
ईद-ए-मिलाद को लेकर हरिद्वार में प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट तैनात
3
