देहरादून, 6 अगस्त। उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी से शिष्टाचार भेंट कर राज्य के उच्च शिक्षा संस्थानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। बैठक में एचएनबी गढ़वाल (केंद्रीय) विश्वविद्यालय में 459.095 करोड़ रुपये की लागत से शैक्षणिक एवं अनुसंधान अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण के प्रस्ताव पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
डॉ. रावत ने बताया कि हेफा (उच्च शिक्षा वित्तपोषण एजेंसी) के तहत प्रस्तावित यह परियोजना विश्वविद्यालय में आधुनिक शैक्षणिक एवं अनुसंधान सुविधाओं के विकास को नई गति देगी। इससे उत्कृष्ट शिक्षण, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, शिक्षकों तथा आम जनमानस को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।
बैठक के दौरान डॉ. रावत ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को एनआईटी श्रीनगर (गढ़वाल) के नवनिर्मित परिसर के लोकार्पण के लिए आमंत्रित करते हुए समय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने संस्थान के सुचारू संचालन के लिए स्थायी निदेशक की शीघ्र नियुक्ति की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही परिसर में जलभराव की समस्या और प्रभावित छह परिवारों के समुचित विस्थापन एवं पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक सहयोग का आश्वासन देते हुए उत्तराखंड की शिक्षा के क्षेत्र में हुई उल्लेखनीय उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने राज्य के पूर्ण साक्षर राज्य बनने तथा यूनेस्को एआई फॉर एजुकेशन अवार्ड-2026 के टीचर ट्रेनिंग वर्ग में उत्तराखंड एससीईआरटी की परियोजना के विश्व की शीर्ष छह परियोजनाओं में शामिल होने पर डॉ. धन सिंह रावत और राज्य सरकार को बधाई दी।
459 करोड़ की लागत से एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में सुदृढ़ होगी अनुसंधान संरचना
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी से की मुलाकात, एनआईटी श्रीनगर के विकास सहित कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
2
