देहरादून। जनपद देहरादून के नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दीपक सैनी ने बुधवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जनपद में विकास कार्यों को गति देने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
सीडीओ दीपक सैनी ने उत्तराखंड शासन का आभार जताते हुए कहा कि विकास योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लंबित परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें तेजी से पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने अपने कार्यकाल की प्राथमिकताओं में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और स्थानीय उद्यमिता को विशेष महत्व दिया। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर जोर रहेगा।
इसके अलावा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण और ग्राम पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की समीक्षा भी उनकी कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।
दीपक सैनी ने कहा कि देहरादून के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण संरक्षण, आपदा सुरक्षा और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना भी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सहयोग से टीम भावना के साथ काम किया जाएगा, ताकि विकास योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई दे और आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
नवनियुक्त सीडीओ दीपक सैनी ने संभाला कार्यभार, विकास कार्यों को गति देना होगी प्राथमिकता
पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे सरकारी योजनाओं का लाभ, ग्रामीण विकास और जनसमस्याओं के समाधान पर रहेगा विशेष जोर
0
