देहरादून। राजधानी देहरादून में भक्ति, अध्यात्म और सनातन संस्कृति को समर्पित भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी मंच का भव्य शुभारंभ किया गया। समारोह में पद्मश्री एवं प्रख्यात भजन गायक अनूप जलोटा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा भक्तिमय माहौल बनाया कि उपस्थित लोग भजनों की धुन पर भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम में प्रदेश की कई प्रतिष्ठित हस्तियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों ने शिरकत की।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अनूप जलोटा की भजन प्रस्तुतियां रहीं। उन्होंने ‘ऐसी लागी लगन’, ‘राम आएंगे’ और ‘गोविंद जय जय’ जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। इस दौरान उत्तराखंड से अपने भावनात्मक रिश्ते को साझा करते हुए उन्होंने कहा, ‘मेरा जन्म नैनीताल में हुआ है, मैं भी उत्तराखंड का हूं।’ उनके इस बयान ने समारोह में मौजूद लोगों के बीच खासा उत्साह पैदा किया।
कार्यक्रम की एक और खास बात यह रही कि अनूप जलोटा ने समारोह से पहले भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी के आगामी कार्यक्रम ‘कर्मों का फल’ की शूटिंग भी देहरादून में की। इस कार्यक्रम के माध्यम से व्यक्ति को उसके कर्मों के परिणाम का संदेश दिया जाएगा।
भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी के संस्थापक एवं संचालक दिनेश असोपा ने कहा कि इस डिजिटल मंच का उद्देश्य भजन, धार्मिक कार्यक्रमों, आध्यात्मिक विचारों और सनातन संस्कृति से जुड़ी सामग्री को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि ऐप का मासिक सदस्यता शुल्क महज 11 रुपये रखा गया है, ताकि आम लोगों के लिए भी इस मंच से जुड़ना आसान हो सके। उन्होंने लोगों से ऐप डाउनलोड कर इस पहल को समर्थन देने की अपील की।
समारोह में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सिंह सोनी, संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट तथा राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद के उपाध्यक्ष विनोद उनियाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सामाजिक कार्यकर्ता साधना शर्मा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर दिनेश असोपा की पत्नी रीना असोपा, बेटी निकिता असोपा, अभिनेत्री जया पांडे, भक्तिद्वार की क्रिएटिव हेड भावना शर्मा और निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया।
टेलीविजन और फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में करीब 30 वर्षों का अनुभव रखने वाले निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती ने आयोजन की सफलता पर सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया।
कुल मिलाकर देहरादून में भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी का शुभारंभ धार्मिक और आध्यात्मिक सामग्री को डिजिटल माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक नई पहल के रूप में सामने आया। अनूप जलोटा की भजन प्रस्तुतियों और उत्तराखंड के प्रति उनके आत्मीय जुड़ाव ने समारोह को यादगार बना दिया।
देहरादून में भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी का भव्य शुभारंभ, अनूप जलोटा के भजनों ने बांधा समां
मेरा जन्म नैनीताल में हुआ है, मैं भी उत्तराखंड का हूं’—अनूप जलोटा के बयान ने जीता लोगों का दिल, मात्र 11 रुपये में मिलेगा ऐप का मासिक सब्सक्रिप्शन
2
