देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले में मृतका की कथित निजी व्हाट्सऐप चैट और व्यक्तिगत जानकारियां सार्वजनिक किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 15 नवंबर 2026 को हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विनोद आर्य ने अंकिता भंडारी की बताई जा रही हजारों पृष्ठों की निजी व्हाट्सऐप बातचीत सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की। साथ ही इस सामग्री के आधार पर मृतका के व्यक्तिगत संबंधों, निजी जीवन और पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर भी टिप्पणियां की गईं।
ज्ञापन में सवाल उठाया गया है कि आखिर एक मृत पीड़िता की निजी बातचीत को सार्वजनिक मंच पर प्रदर्शित करने का अधिकार किसने दिया? संबंधित दस्तावेज कहां से प्राप्त किए गए और क्या इन्हें सार्वजनिक करने के लिए विधिवत अनुमति ली गई थी? मांग की गई कि इन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
ज्ञापन देने वालों का कहना है कि यदि विनोद आर्य के पास अंकिता भंडारी प्रकरण से संबंधित कोई महत्वपूर्ण साक्ष्य या जानकारी थी तो उसे जांच एजेंसी अथवा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए था, न कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में सार्वजनिक करके मृतका के निजी जीवन को चर्चा का विषय बनाया जाना चाहिए था।
ज्ञापन के माध्यम से पुलिस से मांग की गई है कि कथित व्हाट्सऐप चैट के स्रोत और प्रमाणिकता की जांच कर उचित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। इसके अलावा प्रेस कॉन्फ्रेंस की वीडियो रिकॉर्डिंग, प्रदर्शित दस्तावेजों और डिजिटल सामग्री को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि मामले में किसी राजनीतिक या अन्य दबाव के बिना निष्पक्ष कार्रवाई की जाए और शिकायत पर की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
ज्ञापन के अंत में कहा गया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना पूरे उत्तराखंड की भावना से जुड़ा विषय है। किसी भी परिस्थिति में पीड़िता की गरिमा और निजता से समझौता नहीं होना चाहिए।
अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक करने पर विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमे की मांग
एसएसपी देहरादून को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की उठाई मांग
18
