अनुराग गुप्ता
विकासनगर। सेलाकुई प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था, महिला अपराधों और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए हल्द्वानी, अल्मोड़ा और चंपावत सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सामने आए महिला अपराधों को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।
डॉ. रावत ने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में कूड़ा घर और कूड़ा निस्तारण की समस्या को लेकर भी सरकार और स्थानीय व्यवस्था पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से परेशानियों का सामना कर रही है, लेकिन वर्तमान सरकार को आम लोगों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा किसी न किसी प्रकरण के माध्यम से लगातार उन्हें निशाना बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली और जनता के बीच उनकी सक्रियता से भाजपा पूरी तरह घबराई हुई है, यही वजह है कि उन्हें राजनीतिक रूप से दबाव में लेने की कोशिश की जा रही है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विश्वास जताते हुए डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश की जनता इस बार भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस दो-तिहाई से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में अपनी सरकार बनाएगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेश के राजनीतिक हालात और जनसमस्याओं को लेकर भाजपा सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए।
