विकासनगर। उत्तराखंड में जिस तेजी से कृषि भूमि को कंक्रीट के जंगल में तब्दील किया जा रहा है, वह आने वाले समय में प्रदेश के लिए गंभीर संकट का संकेत है। खेतों को बचाने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की बातें तो खूब होती हैं, लेकिन धरातल पर कृषि भूमि को प्लॉटिंग में बदलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला विकासनगर क्षेत्र के ग्राम सोरना का है, जहां करीब 200 बीघा कृषि भूमि पर बिना एमडीडीए की अनुमति के कथित तौर पर बड़े पैमाने पर प्लाटिंग किए जाने का मामला सामने आया है।
16 हजार रुपये गज तक कीमत, तीन चरणों में प्लॉटिंग का दावा
हमारी चौपाल के संवाददाता ने मौके पर पहुंचकर प्लाटिंग कर रहे व्यक्ति से बातचीत की। जब संवाददाता ने प्लॉटों की कीमत पूछी तो संबंधित व्यक्ति ने बताया कि यहां तीन चरणों में प्लाटिंग की जा रही है। पहले और तीसरे चरण में प्लॉट की कीमत 16 हजार रुपये प्रति गज, जबकि दूसरे चरण में 14 हजार रुपये प्रति गज बताई गई। इतना ही नहीं, संबंधित व्यक्ति ने मौके पर 40 फीट चौड़ी सड़क उपलब्ध कराने की बात भी कही।

जब नक्शा पास होने का सवाल पूछा तो मिला चौंकाने वाला जवाब!
संवाददाता ने जब सीधे सवाल किया कि क्या इस प्लाटिंग का नक्शा एमडीडीए से पास है, तो संबंधित व्यक्ति का जवाब था कि यह कृषि भूमि है, यहां कोई नक्शा पास नहीं है और कृषि भूमि होने के कारण नक्शा पास हो भी नहीं सकता।
अब सवाल यह है कि यदि जमीन कृषि भूमि है और उसका नक्शा पास नहीं है तो फिर तीन चरणों में बाकायदा प्लाटिंग करके प्लॉट बेचने की प्रक्रिया किस नियम और किस अधिकार के तहत की जा रही है? 40 फीट चौड़ी सड़क बनाने और हजारों रुपये प्रति गज की दर से प्लॉट बेचने की व्यवस्था पर संबंधित विभागों की नजर क्यों नहीं पड़ी?
क्या ग्राम समाज की जमीन भी प्लाटिंग की जद में?
स्थानीय सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आ रही है कि इस क्षेत्र में कुछ जमीन ग्राम समाज की होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी राजस्व अभिलेखों से आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। यदि ग्राम समाज की जमीन भी इस गतिविधि की जद में है तो यह मामला और गंभीर हो सकता है। प्रशासन को तत्काल भूमि अभिलेखों की जांच कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
आज खेत बिकेंगे, कल अनाज कहां उगेगा?
उत्तराखंड की पहचान कभी उसके हरे-भरे खेतों, गांवों और प्राकृतिक संपदा से रही है। लेकिन यदि इसी तरह कृषि भूमि को टुकड़ों में काटकर प्लॉटों के रूप में बेचा जाता रहा तो आने वाली पीढ़ियों के सामने सबसे बड़ा सवाल भोजन का होगा।
आखिर अनाज, सब्जियां और अन्य खाद्य सामग्री पैदा करने के लिए जमीन कहां बचेगी? क्या उत्तराखंड को भविष्य में अपनी जरूरतों का खाद्यान्न दूसरे राज्यों से मंगाने पर निर्भर होना पड़ेगा? विकास के नाम पर खेतों को खत्म करना क्या वास्तव में विकास है या आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बड़ा संकट खड़ा करना?
एमडीडीए और जिला प्रशासन से सीधे सवाल
क्या ग्राम सोरना में लगभग 200 बीघा भूमि पर हो रही प्लाटिंग की कोई अनुमति जारी की गई है?
क्या संबंधित भूमि का भू-उपयोग कृषि से आवासीय में परिवर्तित कराया गया है?
क्या 40 फीट चौड़ी सड़क के निर्माण के लिए कोई स्वीकृति ली गई है?
क्या इस भूमि में ग्राम समाज की जमीन शामिल है? यदि हां, तो उसकी सुरक्षा के लिए क्या कार्रवाई हुई?
क्या एमडीडीए और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से पैमाइश और जांच कराएंगे?
बिना आवश्यक अनुमति प्लॉट बेचने और विज्ञापित करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई कब होगी?
अब कार्रवाई का इंतजार!
हमारी चौपाल जिला प्रशासन, एमडीडीए, राजस्व विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग करता है कि ग्राम सोरना में कथित लगभग 200 बीघा प्लाटिंग की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जमीन की पैमाइश, भू-उपयोग, स्वीकृतियों और ग्राम समाज की भूमि की स्थिति सार्वजनिक की जाए। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई हो।
क्योंकि सवाल सिर्फ कुछ प्लॉटों की खरीद-फरोख्त का नहीं है, सवाल उत्तराखंड की बची हुई कृषि भूमि, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों की खाद्य सुरक्षा का है।
सोरना में लगभग 200 बीघा कृषि भूमि पर कथित अवैध प्लाटिंग! 16 हजार रुपये गज तक बिक रहे प्लॉट, एमडीडीए की अनुमति पर उठे सवाल
कृषि भूमि पर 40 फीट की सड़क और तीन चरणों में प्लॉटिंग का दावा, जमीन बेचने वाले ने खुद कहा – यहां नक्शा पास नहीं हो सकता!
3
