अनुराग गुप्ता
सहसपुर। बनियावाला-बड़ोवाला क्षेत्र में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर क्षेत्र की समस्याओं और अपनी रोजमर्रा की चुनौतियों को सामने रखा। इस दौरान महिलाओं ने महंगाई और लगातार बढ़ती घरेलू जरूरतों की कीमतों को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि बढ़ते खर्च ने परिवारों का मासिक बजट प्रभावित कर दिया है।
कार्यक्रम में महिलाओं से संवाद करते हुए आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि माताओं-बहनों का विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी ताकत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मातृशक्ति परिवार और समाज को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, इसलिए उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना जाना जरूरी है।
रसोई के बढ़ते खर्च ने बढ़ाई चिंता

संवाद के दौरान महिलाओं ने कहा कि घरेलू जरूरतों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर परिवार के बजट पर पड़ रहा है। गैस सिलेंडर से लेकर खाद्य सामग्री और रोजमर्रा के जरूरी सामान की बढ़ती कीमतों के कारण परिवारों के लिए खर्च का संतुलन बनाना मुश्किल हो रहा है। महिलाओं ने कहा कि महंगाई का सबसे सीधा असर घर की रसोई और मासिक बजट पर दिखाई देता है।
महिलाओं ने क्षेत्र से जुड़ी अन्य समस्याओं और अपनी आवश्यकताओं को भी सामने रखा। उनका कहना था कि केवल समस्याओं को सुनना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए लगातार आवाज उठाने की जरूरत है।
आर्येंद्र शर्मा ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों में उनकी भागीदारी को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी के बिना क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है।
