रेनू शर्मा
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने निर्माण कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता पर निगरानी तेज कर दी है। रविवार देर शाम आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने हरिद्वार में कुंभ से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने और निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले एडमिन रोड के निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने सड़क की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेने के साथ ही चंडी चौक के समीप निर्माणाधीन बॉक्स कलवर्ट पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कुंभ की दृष्टि से एडमिन रोड और इससे जुड़े निर्माण महत्वपूर्ण हैं। पर्याप्त संसाधन और श्रमशक्ति लगाकर कार्यों को समय पर पूरा किया जाए तथा तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन हो।
इसके बाद उन्होंने अमरापुर घाट और साक्षी सतनाम घाट के निकट निर्माणाधीन नए घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों से निर्माण की प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि घाटों का निर्माण समय से पूरा किया जाए, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
गंगनहर की क्लोजिंग को लेकर तैयारियां तेज
मंडलायुक्त ने गंगनहर की क्लोजिंग अवधि में प्रस्तावित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्लोजिंग शुरू होने से पहले सामग्री, संसाधन और श्रमशक्ति की पर्याप्त व्यवस्था कर ली जाए, ताकि क्लोजिंग अवधि का अधिकतम उपयोग करते हुए निर्माण कार्य तेजी से पूरे किए जा सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। सभी कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्माण कार्यों की नियमित स्थलीय निगरानी के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के लिए किए जा रहे निर्माण कार्यों का उद्देश्य श्रद्धालुओं और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए परियोजनाओं को समय पर पूरा कर उनका लाभ मेले के दौरान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि, तकनीकी प्रकोष्ठ के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, लोनिवि के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे
