देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार, आर्थिक सहायता सहित क्षेत्रीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े मामले मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर पर लंबित न रखा जाए। अधिकारियों को अपने स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण करना होगा।
धामी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आमजन को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार जनता तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं से जोड़ने का भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविरों के साथ स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई हो और शिकायतों के निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। शासन, जिला प्रशासन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित के मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।
ताइक्वांडो पदक विजेता खिलाड़ियों से मिले मुख्यमंत्री
जनसुनवाई के दौरान 9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। पटाया, चोनबुरी, थाईलैंड में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में उत्तराखंड के मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक जीते।
मुख्यमंत्री ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।
जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने मुख्य सेवक सदन में सुनीं प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं
4
