हमारी चौपाल
देहरादून, 12 जुलाई। हर्षल फाउंडेशन द्वारा संस्थापक स्वर्गीय प्रो. आर. एस. गोयल की जयंती के अवसर पर टाउन हॉल, देहरादून में भव्य कवि सम्मेलन एवं “प्रो. आर. एस. गोयल स्मृति सम्मान” समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, राज्य मंत्री श्री विश्वास डाबर तथा डॉ. रमा गोयल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष श्री विनोद उनियाल, भाजपा नेता श्री अनिल गोयल, श्री विशाल गुप्ता, डॉ. बी.के.एस. संजय,
इन्द्रेश गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने प्रो. आर. एस. गोयल के शिक्षा, समाजसेवा एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित जीवन को प्रेरणास्रोत बताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कवि सम्मेलन में कांत श्री, मोनिका मंतशा, सतीश बंसल, कविता बिष्ट, महिमा श्री एवं डॉ. शैलेन्द्र कौशिक ने अपनी प्रभावशाली काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
समारोह के दौरान समाज में उत्कृष्ट एवं निस्वार्थ सेवा कार्य करने वाले 17 व्यक्तित्वों को “प्रो. आर. एस. गोयल स्मृति सम्मान” से सम्मानित किया गया। अंत में हर्षल फाउंडेशन के कार्यकारी अध्यक्ष इन्द्रेश गोयल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो. गोयल के सेवा और शिक्षा के आदर्शों को आगे बढ़ाना ही संस्था का संकल्प है।
