Hamarichoupal,26,05,2026
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में राज्य सड़क सुरक्षा कोष प्रबंध समिति की दूसरी बैठक हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा कोष से जुड़े कई प्रस्तावों को संस्तुति दी गई।
मुख्य सचिव ने परिवहन सचिव को पूरे प्रदेश के लिए एएनपीआर कैमरों की एकीकृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि परिवहन, पुलिस, राज्यकर और खनन विभाग को एएनपीआर एक्सेस की जरूरत है।
उन्होंने परिवहन और पुलिस विभाग से चालानों की मासिक संकलित रिपोर्ट मुख्य सचिव कार्यालय भेजने को कहा। सड़क सुरक्षा कोष की वार्षिक कार्ययोजना बनाने और सभी पहलुओं को शामिल करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि रोड फर्नीचर और साइनेज जैसे रूटीन कार्य लोक निर्माण विभाग लगाएगा। विभाग अपने मेंडेट के कार्य विभागीय बजट से ही कराएं। जिन कार्यों के लिए बजट नहीं है, उनके लिए सड़क सुरक्षा कोष से प्रावधान होगा।
प्रस्तावों की स्क्रूटिनी के लिए उपसमिति गठित करने और कार्यों में डुप्लीकेसी न होने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में प्रमुख सचिव प्रदीप पंत, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, बृजेश कुमार संत, डॉ. वी. षणमुगम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
