Hamarichoupal,26,05,2026
देहरादून। उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी की अध्यक्षता में सोमवार को आयोग कार्यालय में 10 शिकायतों पर सुनवाई हुई। सुनवाई में तीन प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
टिहरी की नन्दिनी गुसाईं के भूमि कब्जे के मामले में पुलिस ने बताया कि प्रकरण सिविल प्रकृति का है। सक्षम मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद कार्रवाई होगी। शिकायतकर्ता को सुरक्षा का आश्वासन दिया गया।
देहरादून के सरोज कुमार के सामान वापसी मामले में पुलिस को 15 दिन में आख्या देने को कहा गया। हरिद्वार के सतीश कुमार की नियुक्ति व वेतन के प्रकरण में वन विकास निगम को 15 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
हरिद्वार के अहसान अंसारी की राशन दुकान की शिकायत पर खाद्य विभाग को सकारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। देहरादून के वासुदेव कुशवाहा के एसजीएचएस कटौती मामले में राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के प्रयासों की सराहना की गई।
अध्यक्ष ने पुरानी पेंशन, नियुक्ति और धोखाधड़ी के मामलों में भी विभागों से स्पष्टीकरण लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। न्यायालय में विचाराधीन मामलों को नियमानुसार निस्तारित करने को कहा गया।
बैठक में उपाध्यक्ष श्याम डोभाल, सचिव गोरधन सिंह समेत आयोग के सभी सदस्य मौजूद रहे।
