Hamarichoupal,26,05,2026
सेलाकुई। बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए सोमवार को सेलाकुई क्षेत्र में वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर वन्यजीवों के लिए पानी की व्यवस्था की। नगर पंचायत अध्यक्ष की अगुवाई में वन क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जल पात्र रखे गए, ताकि गर्मी में वन्यजीवों को राहत मिल सके।
इस दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग की टीम के साथ मिलकर जल स्रोतों को साफ कर उनमें ताजा पानी भरा। नगर पंचायत अध्यक्ष ने इस नेक कार्य में सहयोग के लिए सभी ग्रामवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की कमी से वन्यजीव आबादी की ओर रुख करते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे प्रयासों से इसे रोका जा सकता है।
मौके पर मौजूद वन बीट अधिकारी अजय पंवार और वन दरोगा मुकेश कुमार ने ग्रामीणों को वनों को आग से बचाने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अपील की कि वनाग्नि वन्यजीवों के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी बड़ा खतरा है। छोटी सी लापरवाही से सैकड़ों हेक्टेयर जंगल और वन्यजीवों का जीवन खतरे में पड़ जाता है।
इस अवसर पर सुभाष कुमार, बिट सायक, अभिषेक राठौर, अमित नेगी, मंडल अध्यक्ष सुखदेव फरसवाण, सचिन चौधरी समेत कई ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने वनों की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण का संकल्प लिया।
