हमारी चौपाल
देहरादून, 16 जुलाई। पटेलनगर क्षेत्र से चोरी हुई स्कूटी का खुलासा करते हुए दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी (UK07 BK 7930) बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई को सेवलाकला, चंद्रबनी निवासी प्रेम बहादुर गुरुंग ने अपनी स्कूटी चोरी होने की शिकायत कोतवाली पटेलनगर में दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 15 जुलाई को आर्मी ग्राउंड, चंद्रबनी के पास से कन्हैया (26) निवासी ब्रह्मपुरी, लोहियानगर, पटेलनगर को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है तथा उसके खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में चोरी सहित विभिन्न धाराओं में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सर्वेश कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल पंकज रावत शामिल रहे।
