देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस को भव्य और यादगार बनाने के लिए देहरादून जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत, शहीदों के बलिदान और युवाओं की भागीदारी को केंद्र में रखकर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसके तहत पुलिस परेड, शहीदों को श्रद्धांजलि, यूथ संवाद, ड्रोन शो, साहसिक खेल प्रतियोगिताएं और फिल्म एवं फूड फेस्टिवल जैसे आयोजन प्रमुख आकर्षण होंगे।
शनिवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला मुख्यालय के अलावा तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने को कहा।
6 नवंबर को पुलिस परेड, 9 नवंबर को शहीदों को श्रद्धांजलि
राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों के तहत 6 नवंबर को पुलिस लाइन, रेसकोर्स में रैतिक पुलिस परेड एवं सम्मान वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं, 9 नवंबर को शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और शहीदों के योगदान को याद किया जाएगा।
25 वर्षों की विकास यात्रा पर बनेगी लघु फिल्म
उत्तराखंड की 25 वर्षों की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के माध्यम से लघु फिल्म प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि स्थापना दिवस के आयोजनों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए यूथ संवाद, राज्य आंदोलनकारियों के साथ संवाद, खेल गतिविधियां, एडवेंचर स्पोर्ट्स, एस्ट्रो शो और ड्रोन शो जैसे आयोजन किए जाएंगे। यूथ दिवस पर क्रॉस कंट्री दौड़ सहित विभिन्न साहसिक खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण पर चलेंगे जागरूकता अभियान
स्थापना दिवस के अवसर पर नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही जनपद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को केंद्र में रखकर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षण संस्थानों में गोष्ठियों, निबंध लेखन, चित्रकला और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भी इन आयोजनों से जोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों में जनभागीदारी, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि राज्य स्थापना दिवस के आयोजन उत्तराखंड की उपलब्धियों, सांस्कृतिक पहचान और भविष्य की विकास संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित कर सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
राज्य स्थापना दिवस पर देहरादून में होंगे भव्य आयोजन, ड्रोन शो से लेकर फिल्म-फूड फेस्टिवल तक रहेगा आकर्षण
राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा पर केंद्रित होंगे कार्यक्रम, युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच
16
