देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और राज्य को प्रमुख फिल्म शूटिंग केंद्र के रूप में विकसित करने को लेकर चर्चा हुई।
अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। प्रदेश में उनकी फिल्म की शूटिंग को उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों की ओर फिल्म निर्माताओं के बढ़ते आकर्षण के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग स्थलों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से राज्य की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो व्यवस्था के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें। फिल्म निर्माण की गतिविधियों में वृद्धि से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबारों को भी लाभ मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार को उम्मीद है कि प्रदेश में फिल्म शूटिंग की गतिविधियां बढ़ने से उत्तराखंड की पर्यटन संबंधी पहचान और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी से मिले अक्षय कुमार, उत्तराखंड की फिल्म नीति पर हुई चर्चा
मसूरी और लंढौर में आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं बॉलीवुड अभिनेता, फिल्म निर्माण से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद
0
