Hamarichoupal
विकासनगर, 16 जुलाई। लोकपर्व हरेला के अवसर पर सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
विधायक पुण्डीर ने ग्राम पंचायत बंशीवाला में वन विभाग और एनडीआरएफ की टीम के साथ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इसके बाद ग्रीन एवेन्यू, चंद्रबनी में भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति के प्रति आस्था और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक लोकपर्व है। उन्होंने कहा कि हरेला हरियाली, कृषि, पशुपालन और समृद्धि का संदेश देता है तथा श्रावण मास में पौधारोपण की परंपरा हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही है।
उन्होंने कहा कि “एक वृक्ष लगाना दस पुत्रों के समान है।” प्रदेशभर में विभिन्न संस्थाओं और आमजन की भागीदारी से पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन करना भी सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मदन सिंह, मंडल महामंत्री चंद्रशेखर सामंत, पार्षद सुमन बुटोला, पूर्व पार्षद सुखवीर सिंह बुटोला, ग्लेक्सियन इंटरनेशनल स्कूल के एमडी डॉ. मयंक गौर, सुनीता गौड़, दीपक राणा, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
