हरिद्वार(आरएनएस)। शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर रविवार को श्री मनसा देवी मंदिर में प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया गया। इस दौरान मां भगवती की विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के कल्याण और शांति की कामना की गई। श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि मां भगवती की आराधना से आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है। नवरात्र आत्मशुद्धि, साधना और सद्गुणों को अपनाने का पर्व है। धार्मिक अनुष्ठान व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने के साथ समाज में सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया जा रहा है। अष्टमी पर हवन कर उत्तराखंड की उन्नति, प्रदेशवासियों के सुखी जीवन और समाज में शांति बनाए रखने की प्रार्थना की गई। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा, श्रीमहंत राजगिरि, सीमा गिरी और मंदिर प्रबंधक महेश दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मां मनसा देवी मंदिर में प्रदेश की खुशहाली के लिए हवन
0
