देहरादून। मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व इगास की पूर्व संध्या पर पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इगास पर्व मनाया और स्वयं भैलो खेलकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपरा का निर्वहन किया।
कार्यक्रम के दौरान लोकगीतों, पारंपरिक लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। पारंपरिक वेशभूषा और पहाड़ी लोकधुनों के बीच पूरा मुख्यमंत्री आवास उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास उत्तराखंड की लोक संस्कृति, आस्था और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों, मिट्टी और पूर्वजों की गौरवशाली विरासत से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता को मजबूत करने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को सहेजना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी को इगास, हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति और उत्तरायणी जैसे पारंपरिक पर्वों के महत्व से परिचित कराना जरूरी है, ताकि युवा अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझें और उन पर गर्व कर सकें।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति में प्रकृति के प्रति सम्मान, भाईचारा, सहयोग और सामूहिकता जैसे जीवन मूल्य समाहित हैं। राज्य सरकार लोककलाओं, लोकभाषाओं, पारंपरिक मेलों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखंडियों से भी अपनी बोली-भाषा और परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि सभी लोग अपने पारंपरिक लोकपर्वों को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाएं तथा स्थानीय लोककलाकारों, शिल्पकारों और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करें।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विभिन्न विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री आवास में धूमधाम से मना लोकपर्व इगास, सीएम धामी ने भैलो खेलकर निभाई परंपरा
लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों से गूंजा मुख्यमंत्री आवास, प्रदेशवासियों को दिया संस्कृति और विरासत सहेजने का संदेश
5
