देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, मजबूत एम-पैक्स से गांव मजबूत होंगे और मजबूत गांवों से समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से पंतनगर में आयोजित श्री लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार को उनकी जयंती पर नमन करते हुए कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहकारिता की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सहकारिता पलायन रोकने, पर्वतीय कृषि को बढ़ावा देने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन सकती है।
उन्होंने कहा कि पैक्स सहकारिता व्यवस्था की आधारशिला हैं। बदलती जरूरतों के अनुरूप इन्हें एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। इनके माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं देने, युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक रूप से सशक्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
नेतृत्व प्रशिक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि एम-पैक्स को प्रभावी बनाने के लिए कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व जरूरी है। नेतृत्व प्रशिक्षण केवल जानकारी बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कार्यप्रणाली, सोच और निर्णय क्षमता को नई दिशा मिलती है। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सहकारिता की भावना को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। सहकारिता को केवल समितियों तक सीमित रखने के बजाय इसे जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तीकरण का माध्यम बनाया जा रहा है, ताकि इसका लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
पंतनगर से नई पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंतनगर की ज्ञानभूमि से सहकारिता को नई दिशा देने वाली कई पहल शुरू हुई हैं। इनमें सहकार ग्रंथ का लोकार्पण, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ की पहल, सहकारिता के क्षेत्र में नए पाठ्यक्रम की शुरुआत, युवाओं को जोड़ने के लिए सोशल मीडिया रील्स अभियान और एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने इन पहलों के लिए सहकारिता विभाग, पंतनगर विश्वविद्यालय और सहकार भारती को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेंद्र कुमार कश्यप, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी सहित अन्य पदाधिकारी और अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
एम-पैक्स से मजबूत होंगे गांव, सहकारिता से समृद्ध बनेगा उत्तराखंड
3
