देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, यातायात संचालन, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता और अन्य जनसुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए प्रवेश और निकास मार्गों की समुचित व्यवस्था करने के साथ ही पार्किंग स्थलों को भी व्यवस्थित रखने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान आमजन को जाम और अन्य परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने और व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी होनी चाहिए।
इस दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय सहित शासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर परेड ग्राउंड में तैयारियों का जायजा, सीएम धामी ने परखी व्यवस्थाएं
सुरक्षा से लेकर यातायात और पार्किंग तक की व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश
6
