हमारी चपाल
देहरादून, 06 जुलाई।
‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह’ के तहत सोमवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) सभागार में विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीते पांच वर्षों के दौरान प्रदेश में हुए आधारभूत संरचना, कनेक्टिविटी, शहरी विकास, पर्यटन, आवास एवं जनकल्याण से जुड़े प्रमुख कार्यों और योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विकास परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में चारधाम ऑल वेदर रोड, रेल एवं रोपवे परियोजनाएं, क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना (उड़ान), शहरी आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी डिस्प्ले पैनलों के माध्यम से दी गई। अधिकारियों ने नागरिकों को योजनाओं के उद्देश्य और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी भी उपलब्ध कराई।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि सेवा सप्ताह सरकार की जनसेवा और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल, रोपवे और हवाई संपर्क जैसी परियोजनाएं विकास को नई दिशा दे रही हैं तथा इनकी जानकारी आमजन तक पहुंचाना आवश्यक है।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना तथा विकास योजनाओं में जनभागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से राज्य की प्रमुख विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई गई।
मुख्य सचिव के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 4 से 10 जुलाई तक ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी, जनजागरूकता कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों के माध्यम से सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जा रहा है।
