हमारी चौपाल
देहरादून, 6 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरित उत्तराखंड विजन को साकार करने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने राजधानी में पौधरोपण अभियान तेज कर दिया है। प्राधिकरण ने इस वर्ष एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके तहत शहर के प्रमुख मार्गों, डिवाइडरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण किया जा रहा है।
सोमवार सुबह एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कार्यालय जाते समय सड़क डिवाइडरों पर चल रहे पौधरोपण कार्य को देखकर वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने पौधों की गुणवत्ता, रोपण कार्य और उनके रखरखाव की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के साथ स्वयं पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि पौधरोपण केवल अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि सभी पौधे विकसित होकर वृक्ष बन सकें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने उद्यान अनुभाग के कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि शहर को हरित बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों का उत्साहवर्धन भी किया।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही देहरादून को हरित राजधानी बनाने का लक्ष्य शीघ्र पूरा किया जा सकेगा।
