Hamarichoupal,25,05,2026
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुमाऊँ मीडिया सेन्टर भवन, हल्द्वानी का शिलान्यास किया। 6 करोड़ 75 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेन्टर कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों के लिए समर्पित बहुउद्देश्यीय केंद्र होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेन्टर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को समर्पित जीवंत मंच होगा। अब तक कुमाऊँ के पत्रकारों को कई कार्यों के लिए देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन इस सेन्टर के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित होंगे।
मीडिया सेन्टर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी और कैंटीन बनेगी। मुनस्यारी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा समेत दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम की व्यवस्था भी होगी। समाचार पत्रों के निरीक्षा कार्य भी यहीं से होंगे।
सीएम ने कहा कि सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पत्रकार कल्याण कोष बढ़ाकर 5 करोड़ किया गया है। अधिस्वीकृत पत्रकारों को 5 लाख तक कैशलेस स्वास्थ्य बीमा और 60 वर्ष से अधिक आयु के पत्रकारों को 8 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। टनकपुर में भी मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस का निर्माण शुरू हो चुका है।
इस मौके पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह, मीडिया सलाहकार समिति अध्यक्ष गोविन्द सिंह, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
