Hamarichoupal,25,05,2026
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को निजी आवास से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। सीएम ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। ग्राम सभाओं की सरकारी जमीन की भी जांच करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने भू कानून उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की त्वरित सुनवाई कर राज्य सरकार में निहित करने को कहा। शत्रु संपत्तियों से अवैध कब्जे हटाने और उम्मीद पोर्टल पर दर्ज वक्फ संपत्तियों की नियमित जांच के निर्देश दिए।
सीएम ने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जांच, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को चिन्हित करने और अवैध राशन कार्ड धारकों पर कार्रवाई को कहा। वेरिफिकेशन ड्राइव तेज करने के निर्देश भी दिए।
मानसून पूर्व तैयारियों पर सीएम ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति दुरुस्त रखने और अनावश्यक बिजली कटौती न करने को कहा। चारधाम यात्रा की मॉनिटरिंग, श्रद्धालुओं से फीडबैक और ट्रैफिक प्लान बनाने के निर्देश दिए। कैंची धाम बाईपास का काम अगले माह तक पूरा करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कृषि-बागवानी की योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने और जोशीमठ समेत आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्य तेज करने को कहा। मानसून से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
