देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, न्याय, समानता और नागरिक अधिकारों का आधार है। संविधान दिवस हमें इसके आदर्शों और मूल्यों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में उतारने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अभियोजन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता कार्यक्रमों के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन विभाग के कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। इन प्रयासों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और न्याय व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करना और उन्हें न्यायालय के समक्ष निष्पक्ष एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना अभियोजन अधिकारियों की अहम जिम्मेदारी है। पीड़ितों को न्याय दिलाने में अभियोजन अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक और नागरिक केंद्रित बनाने के लिए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। इन नए कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष जोर दिया गया है। ऐसे में अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नए न्यायालय भवनों के निर्माण, पुराने भवनों के आधुनिकीकरण, ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालय और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को भी न्याय प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में कानून का राज कायम रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर अमल करना सरकार का संकल्प है। कानून का प्रभाव तभी दिखाई देता है, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के सुनिश्चित हो और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एससी बिरमानी, गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना, डॉ. महेश कुड़ियाल, ललित जोशी तथा सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ एवं ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन किया। साथ ही विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन एपी अंशुमान सहित अभियोजन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
संविधान के आदर्शों को व्यवहार और कार्यशैली में उतारें अधिकारी : मुख्यमंत्री धामी
संविधान एवं विधि दिवस पर अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने सहित तीन बड़ी घोषणाएं, 12 विभूतियां सम्मानित
4
