देहरादून। भारत और मलेशिया के बीच रक्षा सहयोग को नई मजबूती देने के उद्देश्य से संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमऊ शक्ति-VI’ का छठा संस्करण बृहस्पतिवार को मलेशिया के इपोह में शुरू हो गया। 19 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस सैन्य अभ्यास में दोनों देशों के 120-120 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। यह द्विपक्षीय अभ्यास बारी-बारी से भारत और मलेशिया में आयोजित किया जाता है।
इस संयुक्त सैन्य अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के तहत आतंकवाद विरोधी अभियानों में दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल विकसित करना है। अभ्यास के दौरान जंगलों और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में संयुक्त सैन्य अभियान चलाने, रणनीतिक योजना तैयार करने और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अभ्यास के दौरान दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे की सैन्य कार्यप्रणाली और रणनीतियों को समझेंगी। इसके बाद संयुक्त सामरिक अभ्यास किए जाएंगे। इनमें संयुक्त कमान केंद्र और निगरानी केंद्र की स्थापना, आतंकवादियों के खिलाफ अभियान, छापेमारी, घेराबंदी एवं तलाशी अभियान तथा युद्धक इंजीनियरिंग से जुड़े अभ्यास शामिल होंगे।
इस बार अभ्यास में आधुनिक ड्रोन तकनीक पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। निगरानी और दुश्मन की गतिविधियों का पता लगाने के लिए मानव रहित हवाई प्रणालियों का इस्तेमाल होगा। वहीं, दुश्मन के ड्रोन की पहचान कर उन्हें निष्क्रिय करने की क्षमताओं का भी परीक्षण किया जाएगा।
अभ्यास के अंतिम चरण में दोनों देशों की सेनाएं संयुक्त सत्यापन अभ्यास करेंगी। इसमें आतंकवाद विरोधी अभियान का काल्पनिक परिदृश्य तैयार कर जमीनी कार्रवाई, निगरानी और आधुनिक मानव रहित प्रणालियों के समन्वित इस्तेमाल का प्रदर्शन किया जाएगा।
रक्षा विशेषज्ञता और सैन्य अनुभव साझा करने का अवसर देने वाला यह अभ्यास भारत और मलेशिया के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूत करेगा। साथ ही दोनों देशों की सेनाओं की संयुक्त अभियान क्षमता बढ़ाने के साथ क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भारत-मलेशिया की सेनाएं मिलकर करेंगी आतंकवाद के खिलाफ युद्धाभ्यास, मलेशिया में ‘हरिमऊ शक्ति-VI’ शुरू
जंगल और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में आतंकवाद विरोधी अभियानों का करेंगी अभ्यास, ड्रोन तकनीक और निगरानी प्रणालियों पर रहेगा विशेष जोर
2
