अनुराग गुप्ता
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। सफेद बाघ के आगमन से चिड़ियाघर में पर्यटकों का आकर्षण बढ़ने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘तेजस’ के आने से पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का एक नया अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार इस प्रकार का सफेद बाघ लाया गया है।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए भी चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के बारे में व्यावहारिक जानकारी मिलेगी। इससे पहले बच्चों के लिए भी निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को प्रकृति, वन संपदा और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यावरणीय और भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को प्रतिवर्ष प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता राज्य की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है। इसका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी को प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनाना भी समय की आवश्यकता है।
इस दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
